परसा:-कोराेना की दूसरी लहर आने के बाद स्वास्थ्य महकमे के साथ ही प्रखंड प्रशासन भी चौकस हो गया है। सरकार के निर्देश पर मास्क पहनने को लेकर एक बार फिर सख्ती शुरू कर दी गई है।नगर पंचायत व प्रखंड क्षेत्र के दरोगा राय चौक,हाई स्कूल चौक,खजौली चौक सहित कई स्थानों पर जांच अभियान तेज कर दिया गया है।बिना मास्क वालों को फटकार लगाई जा रही है। जुर्माना भी वसूला जा रहा है।
15 दिनों तक चलेगा सघन अभियान
बीडीओ रजत किशोर सिंह ने बताया कि डीएम सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर अगले 15 दिनाें तक सार्वजनिक जगहों पर सघन मास्क जांच अभियान चलाये जा रहा है।जांच के दौरान बिना मास्क के बाजार घूमने वाले लगभग 78 लोगों से 50 रुपये की दर से चालान के रूप में वसूले गए।बीडीओ ने कहा कि बिना मास्क के बाजार घूमने वालों के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।साथ ही लोगों से अनुरोध किया कि बिना मास्क के घर से बाहर नहीं निकले। क्योंकि बिना मास्क के बाहर निकलने पर जुर्माना भरना पड़ेगा।
बिना मास्क नहीं दिया जा रहा प्रवेश- जगह-जगह पर
प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी जांच कर रहे हैं। मास्क नहीं पहनने वाले लोगों से जुर्माना वसूला जा रहा है। साथ ही वैसे लोगों को मास्क भी उपलब्ध कराया जा रहा है।इधर, सामुदायिक अस्पताल परसा में भी बगैर मास्क पहने हुए लोगों को प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है।अस्पताल गेट के बाहर लोग दस रुपये में मास्क खरीद कर पहन रहे हैं तभी अंदर जा रहे हैं। मास्क नहीं पहनने वाले लोगों जुर्माना वसूलने के साथ ही उनको कड़ी हिदायत दी जा रही है।सीओ अखिलेश्वर चौधरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रखंड प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। दुकानों, चौक-चौराहों,बस स्टैंड आदि स्थानों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से मास्क पहनकर ही घर से निकलने की अपील की है। माना जा रहा है कि दूसरे प्रदेशों में कोरोना के कहर को देखते हुए इस प्रकार के कदम उठाए जा रहे हैं। बता दें कि चुनाव, पर्व-त्योहार को देखते हुए जांच अभियान में शिथिलता आ गई थी। इस बीच बड़ी संख्या में लोग लापरवाही बरतने लगे हैं। कुछेक लोग ही मास्क में नजर आते हैं। अन्य लोग पूरी तरह बेफिक्र हो बिना मास्क नजर आते हैं। बाजार में भीड़-भाड़ की स्थिति में भी लोग बिना मास्क रहते हैं। लेकिन अब प्रशासन की सख्ती के बाद लोग मास्क पहनने लगे हैं।