इस विधानसभा चुनाव में पार्टी के टिकट से वंचित अनेको भाजपाईयों ने अब लोजपा के बंगले में शरण ले ली है। ऐस भाजपाईयों में प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारीयों के साथ- साथ आम कार्यकर्ता भी शामिल हैं।ये सभी अब लोजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे राजेन्द्र सिंह, नोखा के पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया, पालीगंज की पूर्व विधायक डॉ॰ ऊषा विद्यार्थी और झाझा के विधायक डॉ॰ रविन्द्र यादव जैसे बड़े चेहरे पहले ही लोजपा से टिकट पाकर चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। अब सारण के चुनावी प्रांगन में भी कमल, बंगाला के आँगन में पहुँच गया है। यहाँ एकमा में पूर्व भाजपा नेता और प्रदेश कार्य समति सदस्य कामेश्वर सिंह मुन्ना, बनियापूर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता तारकेश्वर सिंह और सांसद राजीव प्रताप रूढी के करीबी और पूर्व प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश सिंह, परसा विधानसभा से लोजपा के टिकट पर अपना नामांकन कर चुके हैं।
चुनाव का आलम कुछ ऐसा है कि कल तक जो हाथों में कमल लिए फिरते थे वो अब बंगले की छत पर खड़े दिखते हैं। विधानसभा पहुँचने की होड़ में नेताजी ने तो बंगले में डेरा डाल लिया है पर जनता इन्हें बंगले से विधानसभा पहुँचाती है या नहीं, इस बात का निर्णय 10 नवम्बर को चुनाव परिणाम आने के साथ ही हो पाएगा।