हैदराबाद में देवगिरी एक्सप्रेस से 1.22 करोड़ रुपये कैश बरामद हुआ है। GRP और RPF ने महाराष्ट्र के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो महज 5 हजार रुपये के बदले करोड़ों की रकम पहुंचाने जा रहा था।
Updated at : 02 Jul 2026, 05:30 pm (IST)
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हवाला नेटवर्क से जुड़े एक मामले का खुलासा किया है। मुंबई से आ रही देवगिरी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री के बैग से 1 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि करोड़ों रुपये की इस डिलीवरी के बदले आरोपी को सिर्फ 5 हजार रुपये मिलने वाले थे।
यह कार्रवाई सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने की। पुलिस टीम बोलारम और मलकाजगिरि रेलवे स्टेशनों के बीच रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देवगिरी एक्सप्रेस के एक कोच में सफर कर रहा एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में नजर आया। पुलिस को उसकी गतिविधियां कुछ अलग लगीं। पूछताछ के दौरान वह घबराया हुआ दिखा। इसके बाद जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो अंदर नोटों की गड्डियां भरी मिलीं। बैग में कपड़ों की जगह करोड़ों रुपये रखे हुए थे।
पुलिस ने मौके पर ही कैश जब्त कर लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महाराष्ट्र के अमरावती जिले का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि मुंबई के एक ज्वेलरी कारोबारी ने उसे यह रकम सिकंदराबाद पहुंचाने के लिए दी थी। उसे मोंडा मार्केट इलाके में मौजूद एक दूसरे ज्वेलरी कारोबारी तक यह कैश पहुंचाना था। जब पुलिस ने कैश से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका।
ना कोई बिल मिला, ना टैक्स से जुड़ा रिकॉर्ड और ना ही रकम के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब मिला। इसके बाद पुलिस ने पूरी रकम को जब्त कर लिया। रेलवे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के महीनों में ट्रेनों के जरिए अवैध कैश और हवाला रकम भेजने के मामलों में तेजी आई है। इसी को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है और अब तक कितनी रकम इस तरह एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाई जा चुकी है।
Published at : 28 May 2026, 07:54 am (IST)
Tags : Trending / NEWS UPDATE / VIRAL / #news today / #Hyderabad #Hawala #DevagiriExpress #CashSeized #Telangana #GRP #RPF #CrimeNews #IndiaNews