मेसी 22 मिनट में स्टेडियम से निकले ; फैंस नाराज, कुर्सी-बोतलें फेंकीं, कोलकाता का सॉल्ट लेक स्टेडियम, कोई व्यवस्था नहीं, पूरी तरह अव्यवस्था। TMC के नेताओं ने लैप के समय लियोनेल मेस्सी को घेर लिया, जिससे भीड़ का हिस्सा ब्लॉक हो गया। मेस्सी बिना फैंस से बात किए चले गए।
Updated at : 02 Jul 2026, 05:28 pm (IST)
कोलकाता, 13 दिसंबर। कोलकाता के सॉल्टलेक स्थित युवाभारती स्टेडियम में लियोनेल मेसी के दौरे को लेकर आयोजित कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था और हिंसा के बाद पुलिस ने इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक शतद्रु दत्त को शनिवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को मेस्सी के युवाभारती स्टेडियम पहुंचते ही हालात तेजी से बिगड़ने लगे। गैलरी से दर्शक मेसी को देख नहीं पाए। आरोप है कि भारी कीमत (कई मामलों में ₹20 हजार तक) पर टिकट खरीदने के बावजूद मेस्सी, लुईस सुवारेज और रड्रिगो डी पॉल को मैदान में देखने का मौका नहीं मिला। इससे नाराज फुटबॉल प्रेमी उग्र हो गए और गैलरी की कुर्सियां तोड़कर मैदान में फेंकने लगे। बोतलें भी मैदान में फेंकी जाने लगी जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब मेसी को दोपहर 11.52 बजे स्टेडियम से बाहर ले जाया गया। इसके बाद हजारों की संख्या में लोग फेंसिंग तोड़कर मैदान में घुस आए। पुलिस को हालात संभालने के लिए रैफ बुलानी पड़ी। मैदान के किनारे लगे टेंट में आग लगाने की कोशिश भी की गई। कुछ लोगों ने गोलपोस्ट के जाल फाड़ दिए और ड्रेसिंग रूम की ओर जाने वाले टनल की छत को नुकसान पहुंचाया।
स्टेडियम के बाहर भी हालात शांत नहीं रहे। ईएम बाइपास और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लाठियों का इस्तेमाल कर लोगों को हटाने की कोशिश की। गुस्साए लोग आयोजकों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए नारेबाजी करते नजर आए। युवाभारती की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने कहा कि मामले की गहन जांच की जाएगी। उन्हाेंने स्पष्ट किया कि जिन दर्शकों ने टिकट खरीदे, उन्हें उनका पैसा वापस मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस की तरफ से हुई लापरवाही को लेकर भी गलती स्वीकार की। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने कहा कि आयोजकों की लापरवाही इस पूरे घटनाक्रम की बड़ी वजह है, लेकिन पुलिस स्तर पर जो भी चूक हुई है, उसकी भी जांच की जाएगी।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ.सीवी आनंद बोस ने कोलकाता के युवाभारती क्रीड़ांगन में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुए भगदड़ और अव्यवस्था को लेकर गहरा शोक और चिंता व्यक्त की है। वारदात के बाद शनिवार दोपहर जारी अपने बयान में राज्यपाल ने इसे खेल प्रेमियों के लिए एक दुखद दिन बताते हुए कहा कि कार्यक्रम की कमी-योजना और प्रबंधन के अभाव के कारण दर्शकों के साथ-साथ मुख्यमंत्री और जनता की उम्मीदों को भी ठेस पहुंची हैं।
राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि इस पूरे घटनाक्रम में आयोजकों और प्रायोजकों की जिम्मेदारी सबसे अधिक है, लेकिन पुलिस भी सरकार, जनता और मुख्यमंत्री के प्रति विफल रही। उनका कहना है कि यह स्थिति कोलकाता के खेल प्रेमियों के लिए बेहद दुखद और अस्वीकार्य है।
Published at : 13 Dec 2025, 04:01 pm (IST)
Tags : #nationalnews / #hindi #hindidiwas #amitshah #homeminister / #rastriyasamachar #castecensus #KarnatakaChiefMinisterSiddaramaiah #Siddaramaiah