गुजरात राज्य योग बोर्ड के चेयरमैन शिशुपाल राजपूत ने गांधीनगर में पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में योग बोर्ड द्वारा 'मेदस्विता मुक्ति अभियान' का आयोजन किया जाएगा, जो तीन चरणों में संपन्न होगा।
गुजरात राज्य योग बोर्ड के चेयरमैन शिशुपाल राजपूत
Updated at : 02 Jul 2026, 05:28 pm (IST)
गांधीनगर, 15 सितम्बर। पहले चरण का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2025 तक, दूसरे चरण का 1 से 30 नवंबर 2025 तक और तीसरे चरण का आयोजन 1 से 30 दिसंबर 2025 तक होगा। इस अभियान के अंतर्गत योग के माध्यम से राज्य के 10 लाख नागरिकों का प्रति व्यक्ति 10 किलो वजन घटाने का योग बोर्ड ने महासंकल्प लिया है।
उन्होंने आगे कहा कि गुजरात राज्य योग बोर्ड के योग विशेषज्ञ कोचों द्वारा योग के माध्यम से एक व्यक्ति का 10 किलो तक वजन घटाकर राज्य के 10 लाख नागरिकों का सामूहिक रूप से कुल 1 करोड़ किलो तक वजन घटाया जाएगा, जिससे गुजरात के नागरिकों को मेदस्विता से मुक्ति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। योग हमारी संस्कृति है। योग के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य संवर्धन होता है, बल्कि वजन भी कम होता है। 'मेदस्विता मुक्ति अभियान' के अंतर्गत योगशास्त्र और आहारशास्त्र पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस अभियान में राज्य भर में 75 स्थानों पर योग बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें परिणामोन्मुख कार्यक्रम आयोजित करेंगी, जिसमें नागरिकों का ब्लड टेस्ट, बॉडी मास इंडेक्स जांचकर उसी समय डाइट प्लान भी दिया जाएगा।
शिशुपाल राजपूत ने यह भी कहा कि 'मेदस्विता मुक्ति अभियान' के अंतर्गत भारत में गुजरात पहला राज्य होगा, जहाँ 10 लाख लोगों का वजन कम हुआ होगा। गुजरात योग बोर्ड केवल योग दिवस यानी 21 जून को ही कार्य नहीं करता, बल्कि पूरे वर्षभर सक्रिय रहकर नागरिकों के स्वास्थ्य की चिंता करता है। योग बोर्ड द्वारा पूरे गुजरात में आयोजित 5000 से अधिक निःशुल्क योग वर्गों में लगभग 5 लाख से अधिक नागरिक शामिल हो चुके हैं। इन योग कैंपों से जुड़कर राज्य के नागरिकों ने 5 किलो, 10 किलो से लेकर 20 किलो तक वजन घटाया है।
गुजरात राज्य योग बोर्ड के चेयरमैन शिशुपाल ने आगे कहा कि गुजरात राज्य योग बोर्ड की टीमें महानगरों, जिलों और तालुका स्तर पर सक्रिय हैं। गुजरात के नागरिक योगी बनकर निरोगी बनें, इस दिशा में योग बोर्ड आगामी समय में गाँव-गाँव तक अपने योग केंद्रों की योजना बनाएगा। मेदस्विता आज समाज के लिए चिंता का विषय बन गई है। यह बीमारियों का भंडार है। 'मेदस्विता मुक्ति अभियान' नागरिकों के तन और मन का भार घटाने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगा।
राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी इस अभियान में जुड़कर 'स्वस्थ गुजरात, सुखी गुजरात' बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने राज्य के नागरिकों से अपील की है कि वे 'मेदस्विता मुक्ति अभियान' में शामिल होकर योगी और निरोगी बनें।
Published at : 15 Sept 2025, 01:25 pm (IST)
Tags : #nationalnews / #yogboard #obesity #weight