साइकिल रोककर बाइक सवार बदमाश ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने SIT गठित कर शुरू की जांच,घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने SIT का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
By : Admin User | Updated at : 20 Jul 2026, 02:51 pm (IST)
बिहार के समस्तीपुर जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूल जा रही एक 15 वर्षीय छात्रा की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों के अनुसार, वारदात से एक दिन पहले आरोपी ने सोनम कुमारी पर शादी का दबाव बनाया था। परिवार का आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि उसने शादी के लिए हामी नहीं भरी, तो उसे जान से मार देगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
स्कूल जाते समय किया पीछा
मृतक छात्रा की पहचान सोनम कुमारी के रूप में हुई है, जो पूसा वैनी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, सोनम रोज की तरह सोमवार सुबह अपनी साइकिल से कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय जा रही थी।
इसी दौरान मंगल स्थान के पास एक पल्सर बाइक सवार युवक उसका पीछा करने लगा। कुछ दूरी तय करने के बाद केजिया वार्ड-13 के पास आरोपी ने छात्रा की साइकिल को ओवरटेक किया और सामने आकर उसे रोक लिया।
सामने से बरसाईं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पिस्टल निकालकर छात्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि चार गोलियां सोनम को लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया।
घटना के बाद मचा हड़कंप
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताया। कुछ देर के लिए पुलिस और लोगों के बीच बहस और हल्की झड़प जैसी स्थिति भी बनी।
बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।
SIT गठित, आरोपी की तलाश जारी
सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे ने बताया कि परिवार से मिली अहम जानकारियों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। जांच में पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Published at : 20 Jul 2026, 02:51 pm (IST)