दिल्ली में फर्जी Rapido बाइक राइडर को गिरफ्तार किया गया है जो सस्ते किराए का झांसा देकर यात्रियों को लूटता था। आरोपी मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर उसे पकड़ लिया।
Updated at : 02 Jul 2026, 05:30 pm (IST)
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक फर्जी बाइक टैक्सी राइडर का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शातिर आरोपी सस्ते किराए का लालच देकर यात्रियों को निशाना बनाता था और फिर उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाता था। आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे देता था वारदात को अंजाम?
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को एक बाइक राइडिंग ऐप (Rapido) का राइडर बताकर यात्रियों को भरोसे में लेता था। वह यात्रियों को कम किराए में गंतव्य तक छोड़ने का झांसा देता था। 20 मई की रात भी उसने इसी तरीके से एक युवक को आईटीओ स्थित हंस भवन के पास से ओखला की ओर बाइक पर बैठाया। रास्ते में आरोपी ने “पुलिस चेकिंग” का बहाना बनाकर युवक को बाइक से नीचे उतरने को कहा। जैसे ही युवक सड़क पार करने लगा, आरोपी उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
CCTV से खुला पूरा मामला
घटना की शिकायत मिलते ही आईपी एस्टेट थाना पुलिस सक्रिय हो गई। इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने इलाके के कई CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने विकास मार्ग इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय मुनेन्दर के रूप में हुई है, जो दिल्ली के सिंघु गांव का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से ही चोरी और स्नैचिंग के कई मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, एक अन्य चोरी का फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
चोरी की बाइक का इस्तेमाल
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि जिस बाइक का इस्तेमाल वारदात में किया गया था, वह नरेला इलाके से चोरी की गई थी। आरोपी इसी बाइक का इस्तेमाल कर यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोपी देर रात कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों को टारगेट करता था।
सस्ते किराए का झांसा देकर वह उनका भरोसा जीत लेता और फिर सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम देता था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क व अन्य संभावित मामलों की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे और भी मामलों का खुलासा हो सकता है।
Published at : 22 May 2026, 08:50 am (IST)
Tags : Breaking News / Trending / NEWS UPDATE / Population / VIRAL / #india news / #nationalnews / #news today / #DelhiCrime #MobileSnatching #BikeTaxiScam #DelhiPolice #BreakingNews #CrimeNews #Rapido #CCTVFootage #Arrested #IndiaNews