शहद, घी, नारियल तेल, एप्पल साइडर विनेगर समेत कई प्रोडक्ट्स की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
By : Admin User | Updated at : 04 Aug 2026, 03:10 pm (IST)
देश की प्रमुख FMCG कंपनी डाबर इंडिया के खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ा नियामकीय कदम उठाया है। FSSAI ने कंपनी के कई खाद्य उत्पादों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इनमें शहद, गाय का घी, नारियल तेल, एप्पल साइडर विनेगर, नारियल पानी और कोकोनट मिल्क जैसे उत्पाद शामिल हैं, जिन पर '100% Pure', '100% Natural', '100% Purity Guaranteed' और '100% Organic' जैसे दावे किए जा रहे थे।
FSSAI ने क्यों लिया एक्शन?
FSSAI के अनुसार, डाबर द्वारा किए जा रहे '100%' शुद्धता के दावे खाद्य सुरक्षा एवं विज्ञापन संबंधी नियमों का उल्लंघन करते हैं। रेगुलेटर का कहना है कि ऐसे दावों की वैज्ञानिक पुष्टि संभव नहीं है और ये उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं। इसलिए कंपनी को इन दावों वाले उत्पादों की बिक्री तुरंत रोकने का निर्देश दिया गया है।
इन उत्पादों पर लगी रोक
डाबर शहद
गाय का घी
वर्जिन कोकोनट ऑयल
तिल का तेल
एप्पल साइडर विनेगर
कोकोनट मिल्क
टेंडर कोकोनट वॉटर
अन्य '100% शुद्ध' दावे वाले खाद्य उत्पाद
पहले भी दिया गया था नोटिस
FSSAI ने बताया कि कंपनी को पहले भी नोटिस जारी कर ऐसे भ्रामक दावे हटाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन तय समय के भीतर उचित कार्रवाई नहीं होने पर अब यह कड़ा प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर 'जैविक भारत' (Organic India) से जुड़े दावे और लोगो का इस्तेमाल वैध प्रमाणन के बिना किया जा रहा था, जिसे भी नियमों का उल्लंघन माना गया है।
15 दिनों में देनी होगी रिपोर्ट
FSSAI ने डाबर इंडिया को निर्देश दिया है कि वह 15 दिनों के भीतर Action Taken Report (ATR) जमा करे और बताए कि उसने भ्रामक दावों को हटाने तथा नियमों के पालन के लिए क्या कदम उठाए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई केवल डाबर तक सीमित नहीं रहेगी। भविष्य में अन्य खाद्य कंपनियों द्वारा किए जाने वाले '100% Pure', '100% Natural' जैसे दावों की भी कड़ी जांच हो सकती है। FSSAI का उद्देश्य उपभोक्ताओं को भ्रामक विज्ञापनों से बचाना और खाद्य उत्पादों की सही जानकारी उपलब्ध कराना है।
Published at : 04 Aug 2026, 03:10 pm (IST)