व्हाइट हाउस के पास हुई फायरिंग के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पहला बयान सामने आया है. ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस की कार्रवाई की तारीफ करते हुए वॉशिंगटन डीसी को सबसे सुरक्षित स्थान बनाने पर जोर दिया.
Updated at : 02 Jul 2026, 05:30 pm (IST)
Source : Rashtriya samachar
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पहला बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने व्हाइट हाउस की सुरक्षा को लेकर बड़ा संदेश दिया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने बेहद पेशेवर तरीके से हालात को संभाला और संभावित बड़े खतरे को टाल दिया.
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि जिस बंदूकधारी ने फायरिंग की, उसका हिंसक इतिहास रहा था और वह संभवतः व्हाइट हाउस को निशाना बनाना चाहता था. उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि भविष्य के सभी राष्ट्रपतियों की सुरक्षा के लिए वॉशिंगटन डीसी को दुनिया का सबसे सुरक्षित और संरक्षित क्षेत्र बनाना कितना जरूरी है.
जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार शाम अमेरिकी समयानुसार हुई, जब एक शख्स ने व्हाइट हाउस के एक सुरक्षा चेक प्वाइंट के पास कई राउंड फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने आरोपी को गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान नासिर बेस्ट के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक और हिंसक रिकॉर्ड रहा था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह मानसिक रूप से अस्थिर था और खुद को धार्मिक व्यक्तित्व बताता था.
ट्रंप ने अपने बयान में एक महीने पहले हुई गोलीबारी की घटना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही सुरक्षा चुनौतियां इस बात का संकेत हैं कि व्हाइट हाउस और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है.
घटना के वक्त डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे. फायरिंग के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने अतिरिक्त जांच शुरू कर दी.
फिलहाल अमेरिकी जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके पीछे किसी संगठन या अन्य लोगों का हाथ था. इस घटना के बाद अमेरिका में राष्ट्रपति सुरक्षा और हथियार नियंत्रण को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है.
Published at : 24 May 2026, 08:56 am (IST)
Tags : Donald Trump / Terrorism / NEWS UPDATE / Population / #nationalnews / World News / #news today