मेटा ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप के लिए नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं। अब यूजर्स को प्रीमियम फीचर्स, कस्टमाइजेशन टूल्स और ज्यादा रीच के लिए हर महीने पैसे देने पड़ सकते हैं।
Updated at : 02 Jul 2026, 05:30 pm (IST)
Source : Rashtriya Samachar
Meta ने आखिरकार बड़ा कदम उठा लिया है। अब इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप सिर्फ फ्री ऐप्स बनकर नहीं रहने वाले। कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म्स के लिए नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च कर दिए हैं। सीधी भाषा में समझें तो आने वाले समय में कुछ खास फीचर्स इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को हर महीने पैसे देने पड़ सकते हैं। बिल्कुल वैसे ही जैसे लोग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का सब्सक्रिप्शन लेते हैं।
हालांकि मेटा ने साफ किया है कि ऐप्स का बेसिक इस्तेमाल फ्री रहेगा। लेकिन एक्स्ट्रा फीचर्स, ज्यादा रीच और बेहतर एक्सपीरियंस के लिए कंपनी अब मासिक शुल्क लेगी। अब तक मेटा की कमाई का सबसे बड़ा जरिया विज्ञापन था। लेकिन अब कंपनी नया रेवेन्यू मॉडल तैयार कर रही है। यानी अब मेटा उन यूजर्स पर ज्यादा फोकस कर रही है जो बेहतर फीचर्स और ज्यादा विजिबिलिटी के लिए पैसे खर्च करने को तैयार हैं।
फिलहाल कंपनी ने इंटरनेशनल प्राइसिंग जारी की है। भारत में कीमत क्या होगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत 3.99 डॉलर प्रति महीना रखी गई है, जबकि व्हाट्सऐप प्लस की कीमत 2.99 डॉलर प्रति महीना बताई गई है। भारतीय रुपये में देखें तो यह करीब 290 रुपये से 390 रुपये तक हो सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक व्हाट्सऐप प्लस यूजर्स को कस्टम चैट थीम, यूनिक रिंगटोन, प्रीमियम स्टिकर्स और ज्यादा चैट पिन करने जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। कंपनी व्हाट्सऐप को सिर्फ मैसेजिंग ऐप नहीं बल्कि ज्यादा प्रीमियम एक्सपीरियंस में बदलने की तैयारी कर रही है।
वहीं इंस्टाग्राम प्लस में कई एडवांस फीचर्स मिलने की बात कही जा रही है। यूजर्स यह देख सकेंगे कि उनकी स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई। इसके अलावा अनलिमिटेड स्टोरी ऑडियंस लिस्ट, बिना नाम दिखे स्टोरी प्रीव्यू देखने का फीचर और 24 घंटे से ज्यादा समय तक स्टोरी लाइव रखने का विकल्प भी मिल सकता है।
मेटा कुछ कॉस्मेटिक फीचर्स भी जोड़ रही है, जिनमें एनिमेटेड सुपर हार्ट रिएक्शन, कस्टम ऐप आइकन, प्रीमियम फॉन्ट और ज्यादा प्रोफाइल पिन जैसे फीचर्स शामिल हैं। कई लोग मेटा वेरिफाइड और इन नए सब्सक्रिप्शन प्लान्स को एक जैसा समझ रहे हैं, लेकिन दोनों अलग हैं। मेटा वेरिफाइड में ब्लू टिक, पहचान सत्यापन और कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जबकि नए प्लस प्लान्स का फोकस प्रीमियम फीचर्स और कस्टमाइजेशन पर है।
मेटा ने एआई आधारित सब्सक्रिप्शन प्लान भी लॉन्च किए हैं। मेटा वन प्लस की कीमत 7.99 डॉलर प्रति महीना रखी गई है, जबकि मेटा वन प्रीमियम प्लान 19.99 डॉलर प्रति महीना का होगा। ये प्लान उन यूजर्स के लिए हैं जो एआई की मदद से तस्वीरें, वीडियो और लंबे टास्क ज्यादा करते हैं। हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि मेटा एआई चैटबॉट का फ्री वर्जन बंद नहीं होगा। लेकिन ज्यादा इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को यूसेज लिमिट खत्म होने के बाद पेड प्लान लेना पड़ सकता है।
मेटा अब क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स और बिजनेस यूजर्स पर भी बड़ा फोकस कर रही है। नए प्लान्स में ज्यादा रीच, बेहतर प्रमोशन टूल्स और सर्च रिजल्ट में बेहतर विजिबिलिटी जैसे फीचर्स मिलने की बात कही गई है। फिलहाल ऐप्स फ्री रहेंगे, लेकिन आने वाले समय में प्रीमियम एक्सपीरियंस के लिए पैसे देना लगभग तय माना जा रहा है।
Published at : 28 May 2026, 07:34 am (IST)
Tags : Breaking News / Trending / NEWS UPDATE / VIRAL / #india news / #nationalnews / #news today / #Meta #Instagram #WhatsApp #Facebook #MetaAI #InstagramPlus #WhatsAppPlus #SocialMedia #TechNews #