प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर और छपरा तो अमित शाह नालंदा में गरजे। उधर, राहुल नालंदा में तो तेजस्वी ने पटना से प्रहार किया।
Updated at : 02 Jul 2026, 05:28 pm (IST)
Source : राष्ट्रीय समाचार
पटना 30 अक्टूबर बिहार में गुरुवार का दिन चुनावी रैलियां की रेलम-पेल के नाम रहा। सियासी बयानों के घमासान के बीच भावनाओं का खेला भी खूब चला। धार्मिक सांस्कृतिक और युवाओं की भावनाओं को कुरेदा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर और छपरा तो अमित शाह नालंदा में गरजे। उधर, राहुल नालंदा में तो तेजस्वी ने पटना से प्रहार किया। हालांकि इस दौरान मौसम ने कांग्रेस का थोड़ा बहुत खेल बिगाडा। इमरान प्रतापगढ़ी 1 घंटे पूर्णिया एयरपोर्ट पोर्ट पर अटके रहे। उधर, राहुल गांधी और भूपेश का हेलीकॉप्टर भी मौसम खराब होने से नहीं उड़ पाया। वे रोसड़ा और समस्तीपुर नहीं पहुंच पाए। बाद में राहुल गांधी पटना से नालंदा पहुंच गए थे, जहां उन्होंने चुनावी रैली की।
मोदी ने भावनाओं को कैसे जगाया :
मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अयोध्या में 500 साल बाद मंदिर बना तो इन्होंने बाधाएं डाली और दर्शन करने जाने के बजाय विदेश घूमने निकल गए। मोदी ने राहुल गांधी पर भी प्रहार करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बयान से छठ और बिहार का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि छठ को यूनेस्को की लिस्ट में शामिल करवाएंगे और छठ के लोकगीतों की प्रतियोगिता भी करवाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए जनसभा में कहा कि प्रचार में कैसी बेशर्मी है कि गानों में छर्रा, कट्टा व दुनाली जैसे शब्द ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन कोई नई बात नहीं है। मोदी ने वहां उत्साहित युवाओं की भावनाओं को गति देते हुए गारंटी दे डाली कि नौजवानों के सपनों को वे अपना संकल्प बनाएंगे।
शाह ने ये कहा-
नालंदा की जनसभा में देश के गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जब राम मंदिर बन सकता है तो सीता माता का मंदिर क्यों नहीं ! बिहार सीता माता की भूमि है। पांच महीने पहले मंदिर के लिए 850 करोड़ का भूमिपूजन किया था, 2 वर्षों के भीतर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा नरेंद्र मोदी जी के हाथों होगी।
राहुल की चुनौती :
दूसरी तरफ , राहुल गांधी ने भी नालंदा की जनसभा में मोदी को चुनौती देते हुए उकसाया की इस मर्द से ज्यादा दम उस महिला में था, दम है तो ट्रंप के सामने खड़े होकर एक भी जनसभा में कह कर दिखाएं कि अमेरिकी राष्ट्रपति झूठ बोल रहे हैं कि उनके कहने से ऑपरेशन सिंदूर रुकवाया है। राहुल ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्हें केवल वोट चाहिए जो भी ड्रामा करवाना हो करवा लो स्टेज पर डांस भी कर देंगे चुनाव के बाद में तो सूट बूट वालों के साथ ही दिखाई देंगे।
तेजस्वी का शाह पर जुबानी हमला :
उधर, बिहार में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा बने तेजस्वी यादव ने चुनावी सभा में कहा कि भाजपा व उनके साथी बिहार कब्जाना चाहते हैं ! शाह के बयान को टारगेट करते हुए बोले कि ऐसा गृहमंत्री नहीं देखा जो अपने ही देश के युवाओं का हौसला तोड़ रहे है! वे कहते हैं कि बिहार में जमीन की कमी है, इसलिए उद्योग नहीं लग सकते!
Published at : 30 Oct 2025, 03:05 pm (IST)
Tags : Amit Shah / PM Modi / Donald Trump / #nationalnews / #news today / #pm modi # Narendramodi / (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुग