अमेरिका के न्यू जर्सी में लैंडिंग कर रहे Boeing 767 विमान की हाईवे पर चल रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर घायल हुआ लेकिन उसकी जान बच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
Updated at : 02 Jul 2026, 05:30 pm (IST)
Source : Rashtriya samachar
अमेरिका के न्यू जर्सी से एक बेहद चौंकाने वाला हादसा सामने आया है, जहां लैंडिंग कर रहा एक Boeing 767 विमान हाईवे पर चल रहे बेकरी ट्रक से टकरा गया। यह हादसा इतना खतरनाक था कि विमान के लैंडिंग गियर का टायर ट्रक की विंडशील्ड तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक ड्राइवर की जान बच गई, जिसे लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।
यह घटना न्यू जर्सी टर्नपाइक पर हुई, जब वॉरेन बोर्डली जूनियर नाम का ड्राइवर अपनी बेकरी डिलीवरी ट्रक लेकर जा रहा था। उसी दौरान नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने आ रहा यूनाइटेड एयरलाइंस का Boeing 767 बेहद नीचे उड़ रहा था। तभी विमान का हिस्सा ट्रक से टकरा गया और जोरदार धमाके के साथ ट्रक का शीशा टूट गया।
हादसे के दौरान ट्रक के केबिन में कांच के टुकड़े फैल गए, जिससे ड्राइवर के हाथ और बाजू में चोटें आईं। बताया जा रहा है कि ट्रक के अंदर लगे डैशकैम में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में ड्राइवर गाना सुनते हुए नजर आता है और अचानक तेज धमाके के साथ सबकुछ बदल जाता है।
ड्राइवर वॉरेन बोर्डली जूनियर हादसे के बाद गहरे सदमे में थे। उन्होंने तुरंत अपने पिता को फोन कर बताया कि एक विमान ने उनके ट्रक को टक्कर मार दी। उनके पिता ने कहा कि शुरुआत में उन्हें इस बात पर यकीन ही नहीं हुआ। फिलहाल ड्राइवर का इलाज चल रहा है और वह सुरक्षित हैं, लेकिन मानसिक रूप से काफी परेशान बताए जा रहे हैं।
यूनाइटेड एयरलाइंस के मुताबिक विमान सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट पर उतर गया और उसमें सवार किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई। हालांकि विमान को नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद National Transportation Safety Board (NTSB) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में मौसम, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, फ्लाइट ऑपरेशन और क्रू मैनेजमेंट समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद विमान के फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर को कब्जे में लिया गया है। वहीं यूनाइटेड एयरलाइंस ने एहतियातन विमान के क्रू को ड्यूटी से हटा दिया है।
सोशल मीडिया पर इस हादसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे चमत्कार बता रहे हैं कि इतनी भयावह टक्कर के बावजूद ड्राइवर और विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
Published at : 07 May 2026, 08:24 am (IST)
Tags : NEWS UPDATE / Population / #india news / #nationalnews / #Airport #DGCA, #Aeroplane / #news today
5 PHOTOS
7 PHOTOS
5 PHOTOS