अयोध्या में शबरी रसोई को बकाया किराया जमा न करने के कारण अयोध्या विकास प्राधिकरण ने सील कर दिया। गुजरात की कंपनी द्वारा संचालित यह रसोई चार जगहों पर है और ADA ने कानूनी कार्रवाई के बाद सख्ती दिखाई।
Updated at : 02 Jul 2026, 05:29 pm (IST)
Source : RASHTRIYA SAMACHAR
अयोध्या: रामनगरी अयोध्या धाम में लंबे समय से संचालित शबरी रसोई को अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने बकाया किराया जमा नहीं करने पर सील कर दिया है। यह रसोई गुजरात की एक कंपनी द्वारा संचालित की जा रही है बताया जाता है कि शबरी रसोई पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बकाया थे। प्राधिकरण की ओर से कई नोटिस भेजे जाने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की गई। इस कारण, प्राधिकरण ने टेढ़ी बाजार वेस्ट में स्थित शबरी रसोई को सील कर दिया।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शबरी रसोई चार जगह संचालित हो रही है: टेढ़ी बाजार, सूर्यकुंड, गुप्तार घाट और कौशलेश कुंज। इन सभी जगहों का थोड़ा-थोड़ा बकाया था। शबरी रसोई को 10 साल के लिए लीज पर दिया गया था और तिमाही किराया 28,50,000 रुपये निर्धारित किया गया था।
कंपनी के जिम्मेदार व्यक्ति ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि वे विकास प्राधिकरण के पार्टनर हैं, न कि सीधे किराएदार। उन्होंने दावा किया कि जिन मांगों को लेकर विवाद था, उन्हें उन्होंने पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि चार में से दो फूड कोर्ट पूरी तरह तैयार नहीं हैं, इसलिए उन स्थानों पर कुछ दिक्कतें हैं, बाकी जगहों पर ADA के साथ कोई समस्या नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच यह मामला चर्चा में आ गया है। ADA का कहना है कि भविष्य में सभी लीजदाताओं और संचालकों के लिए पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित किया जाएगा।
Published at : 08 Apr 2026, 11:16 am (IST)
Tags : Breaking News / Trending / NEWS UPDATE / #india news / #nationalnews / #news today / #Ayodhya #ShabariRasoi #ADA #AyodhyaNews #RentDues #FoodCourt #UPNews #BreakingNews #IndiaNews #LocalNews #AyodhyaDham #TempleCity