सूरत के सिंगणपोर-डभोली इलाके में नक्षत्र सेफ हाउस के लॉकर से करोड़ों रुपये के सोने की चोरी का मामला सामने आया है। संचालक महेश दियोरा और उनके दोनों बेटों हर्ष दियोरा और हरिकृष्णा दियोरा को गिरफ्तार किया है। वहीं, लॉकर तोड़ने में मदद करने वाले लॉकर ब्रेकर मणिलाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
By : Admin User | Updated at : 28 Jul 2026, 04:56 pm (IST)
गुजरात के सूरत में निजी लॉकर सुविधा नक्षत्र सेफ हाउस से करोड़ों रुपये के सोने की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सिंगणपोर-डभोली इलाके में स्थित इस सेफ वॉल्ट में ग्राहकों के लॉकर तोड़कर करीब 206 तोला सोना, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2.67 करोड़ है, गायब किए जाने का आरोप है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद सिंगणपोर-डभोली पुलिस स्टेशन में चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सेफ हाउस संचालक महेश दियोरा और उनके दोनों बेटों हर्ष दियोरा और हरिकृष्णा दियोरा को गिरफ्तार किया है। वहीं, लॉकर तोड़ने में मदद करने वाले लॉकर ब्रेकर मणिलाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
लॉकर तोड़ने के लिए ब्रेकर की ली गई मदद
पुलिस की शुरुआती जांच में आरोप है कि पूरी घटना पहले से बनाई गई योजना के तहत अंजाम दी गई। ग्राहकों के लॉकरों को खोलने के लिए कथित तौर पर एक लॉकर ब्रेकर की मदद ली गई। जांच में अब तक 6 ग्राहकों के लॉकर से सोने के आभूषण गायब होने की जानकारी सामने आई है।
घटना का पता चलते ही लॉकर में अपना कीमती सामान रखने वाले ग्राहकों में चिंता फैल गई। बड़ी संख्या में लोग अपने गहनों की स्थिति जांचने के लिए सेफ हाउस पहुंचने लगे।
दूसरी शाखा में भी उमड़ी भीड़
सोने की चोरी की खबर सामने आने के बाद सिंगणपोर-डभोली के अलावा वराछा स्थित नक्षत्र सेफ हाउस की दूसरी शाखा पर भी ग्राहकों की भीड़ जमा हो गई। लोग चाबी लेकर अपने लॉकर की जांच कराने पहुंचे। हालात को देखते हुए पुलिस ने नक्षत्र सेफ हाउस की विभिन्न शाखाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है।
CCTV और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए BNS की धारा 316(2), 316(5) और 61(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस टीम ने सेफ हाउस परिसर से CCTV फुटेज और डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि लॉकरों को कब और किस तरीके से खोला गया, इसमें कितने लोग शामिल थे और चोरी किए गए सोने का क्या किया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और कथित साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
Published at : 28 Jul 2026, 04:56 pm (IST)