प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने डील का विरोध किया है, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया कि अमेरिकी हथियारों की बिक्री पर किसी दूसरे देश के नेता का दबाव नहीं चलेगा।
By : Admin User | Updated at : 28 Jul 2026, 10:03 am (IST)
अमेरिका और तुर्किए के बीच F-35 स्टील्थ फाइटर जेट को लेकर चल रही बातचीत ने मिडिल ईस्ट में नई रणनीतिक बहस छेड़ दी है। तुर्किए को इन अत्याधुनिक विमानों की संभावित बिक्री पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने चिंता जाहिर की है। उनका मानना है कि अगर अंकारा को F-35 मिलते हैं तो इससे क्षेत्र में सैन्य ताकत का मौजूदा संतुलन प्रभावित हो सकता है।
नेतन्याहू ने इस मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने भी अपनी चिंता रखी थी। उन्होंने कथित तौर पर ट्रंप से तुर्किए को F-35 देने के फैसले पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया था। इजरायल की मुख्य चिंता तुर्किए की बढ़ती सैन्य क्षमता और उसका क्षेत्रीय प्रभाव है।
हालांकि, ट्रंप ने इस मामले में अमेरिका की स्वतंत्र नीति का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि हथियारों की बिक्री को लेकर अमेरिका अपने फैसले खुद लेता है और कोई बाहरी नेता यह तय नहीं कर सकता कि वाशिंगटन को किस देश को हथियार बेचने चाहिए। ट्रंप ने तुर्किए के साथ अमेरिकी रिश्तों को भी महत्वपूर्ण बताते हुए अंकारा को एक बड़ा सहयोगी करार दिया।
दरअसल, तुर्किए पहले अमेरिका के F-35 कार्यक्रम का हिस्सा था। लेकिन रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने के बाद दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों में तनाव पैदा हुआ और अंकारा को F-35 कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया था। अब ट्रंप प्रशासन के दौर में तुर्किए को दोबारा F-35 देने और उससे जुड़े प्रतिबंधों में बदलाव की संभावना पर चर्चा हो रही है।
इस बीच तुर्किए अपने घरेलू KAAN फाइटर जेट प्रोग्राम को भी आगे बढ़ा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, अंकारा F-35 के साथ-साथ KAAN के लिए अमेरिकी इंजन हासिल करने को लेकर भी बातचीत आगे बढ़ा रहा है।
यह मुद्दा ऐसे समय सामने आया है जब नेतन्याहू अमेरिका पहुंच चुके हैं और ट्रंप के साथ उनकी मुलाकात होनी है। दोनों नेताओं की बातचीत में ईरान, मिडिल ईस्ट की सुरक्षा और क्षेत्र में बदलते सैन्य समीकरण अहम मुद्दे रह सकते हैं। ऐसे में तुर्किए को F-35 देने का अमेरिकी फैसला आने वाले समय में अमेरिका-इजरायल और अमेरिका-तुर्किए संबंधों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Published at : 28 Jul 2026, 10:03 am (IST)
Tags : Israel Hamas ceasefire / White House in America / #USIranConflict #Iran #America #DroneAttack #StraitOfHormuz #DonaldTrump #MiddleEast