15 अकादमिक क्रेडिट और रणनीतिक संचार की ट्रेनिंग मिलेगी। जानें पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तारीख।इस कार्यक्रम के दौरान छात्रों को डिजिटल कंटेंट तैयार करने, मीडिया रिसर्च, कंटेंट प्लानिंग, सोशल मीडिया कैंपेन, मीडिया एनालिसिस और रणनीतिक संचार की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
By : Admin User | Updated at : 29 Jul 2026, 03:26 pm (IST)
नई दिल्ली: पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) के छात्रों के लिए भारतीय सेना ने एक शानदार अवसर पेश किया है। सेना की ओर से 75 दिनों का विशेष इंटर्नशिप एवं ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है, जिसमें छात्रों को रणनीतिक संचार (Strategic Communication), मीडिया प्लानिंग और रक्षा क्षेत्र से जुड़े कम्युनिकेशन की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जाएगी। इस कार्यक्रम का संचालन AICTE इंटर्नशिप पोर्टल के माध्यम से भारतीय सेना के अतिरिक्त महानिदेशालय द्वारा किया जाएगा।
75 दिनों का होगा ट्रेनिंग प्रोग्राम
यह इंटर्नशिप कुल 75 दिनों की होगी। शुरुआती 15 दिनों तक छात्रों की ऑनलाइन क्लास चलेगी, जबकि इसके बाद 60 दिनों तक दिल्ली में ऑफलाइन प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी। सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने वाले छात्रों को 15 अकादमिक क्रेडिट भी प्रदान किए जाएंगे।
क्या-क्या सीखने को मिलेगा?
इस कार्यक्रम के दौरान छात्रों को डिजिटल कंटेंट तैयार करने, मीडिया रिसर्च, कंटेंट प्लानिंग, सोशल मीडिया कैंपेन, मीडिया एनालिसिस और रणनीतिक संचार की बारीकियां सिखाई जाएंगी। इसके अलावा डिजिटल स्टोरीटेलिंग, ऑडियंस एंगेजमेंट और डेटा आधारित निर्णय लेने जैसी महत्वपूर्ण स्किल्स पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
₹75,000 तक मिलेगा स्टाइपेंड
इस इंटर्नशिप की सबसे बड़ी खासियत इसका आकर्षक स्टाइपेंड है। चयनित छात्रों को हर महीने ₹30,000 तक का स्टाइपेंड मिलेगा और पूरे कार्यक्रम की सभी शर्तें पूरी करने पर कुल ₹75,000 तक की राशि दी जाएगी। हालांकि, स्टाइपेंड पाने के लिए कम से कम 75% उपस्थिति अनिवार्य होगी। इससे कम उपस्थिति होने पर वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा।
इन नियमों का करना होगा पालन
सुरक्षा कारणों से ट्रेनिंग के दौरान कार्यालय परिसर में मोबाइल फोन और लैपटॉप ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश के समय इन्हें सुरक्षा गेट पर जमा करना होगा। जरूरत पड़ने पर विशेष कार्यों के लिए अनुमति दी जा सकती है। काम के लिए इंटरनेट से जुड़े कंप्यूटर भारतीय सेना की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे। ऑफिस का समय सोमवार से शनिवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। सभी इंटर्न के लिए फॉर्मल ड्रेस कोड अनिवार्य होगा।
इच्छुक छात्रों को आवेदन के साथ कॉलेज या यूनिवर्सिटी का डिग्री सत्यापन प्रमाणपत्र, पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट, सरकारी फोटो पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करने होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 2 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
नौकरी की नहीं होगी गारंटी
भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण और व्यावसायिक अनुभव देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद नौकरी या प्लेसमेंट की कोई गारंटी नहीं होगी। साथ ही दिल्ली में रहने और अन्य व्यक्तिगत खर्चों की व्यवस्था छात्रों को स्वयं करनी होगी। यह इंटर्नशिप उन छात्रों के लिए बेहतरीन अवसर साबित हो सकती है जो मीडिया, पत्रकारिता और रक्षा संचार के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल करना चाहते हैं।
Published at : 29 Jul 2026, 03:26 pm (IST)
Tags : #IndianArmy #HighAltitudeMonorail #BorderInfrastructure