Himachal Pradesh के कुल्लू में बड़ा सड़क हादसा। पर्यटकों से भरी ट्रैवलर नाले में गिरने से 4 की मौत, कई घायल। खराब मौसम और फिसलन को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
Updated at : 02 Jul 2026, 05:29 pm (IST)
Source : rashtriya samachar
कुल्लू, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जीभी-सोझा मार्ग पर पर्यटकों से भरी एक ट्रैवलर गाड़ी नाले में गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर में करीब 20 पर्यटक सवार थे। हादसे के बाद 16 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए कुल्लू के बंजार क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पतालों में भी रेफर किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह ट्रैवलर दिल्ली नंबर की थी और पर्यटक जलोड़ी जोत से घूमकर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और सड़क पर फिसलन बढ़ गई। बताया जा रहा है कि फिसलन के कारण ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करते नजर आए। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया।
उधर, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में ओलावृष्टि, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जैसे मैदानी इलाकों के साथ-साथ मध्य पहाड़ी जिलों में भी बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 अप्रैल से 7 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। वहीं, मनाली के अटल टनल के आसपास लगातार बर्फबारी भी हो रही है, जिससे पहाड़ी सड़कों पर खतरा और बढ़ गया है।
Published at : 05 Apr 2026, 09:11 am (IST)
Tags : Breaking News / NEWS UPDATE / Population / #india news / #news today / Fatal Road Accident / Bus accident near Medina