पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक किराए के फ्लैट से अधिक इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क और बरामद नकदी के स्रोत की जांच कर रही है।
By : Admin User | Updated at : 03 Aug 2026, 05:14 pm (IST)
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में दक्षिण दिनाजपुर पुलिस और मालदा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। ओल्ड मालदा के मंगलबाड़ी स्थित एक किराए के फ्लैट पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने ₹2 करोड़ 40 लाख 97 हजार 380 की नकदी, 20 ग्राम सोना, एक लैपटॉप और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया। इस कार्रवाई के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की शुरुआत 5 जुलाई को दक्षिण दिनाजपुर जिले के मेहंदीपाड़ा इलाके में हुई छापेमारी से हुई थी। उस दौरान प्रतिबंधित कफ सिरप की करीब 1,500 बोतलें जब्त की गई थीं और चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अवैध नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन और मुख्य ठिकानों की अहम जानकारी पुलिस को दी।
इसी सूचना के आधार पर स्पेशल ऑपरेशन टीम, दक्षिण दिनाजपुर जिला पुलिस और मालदा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। जांच के दौरान ओल्ड मालदा के मंगलबाड़ी इलाके की एक बहुमंजिला इमारत के तीसरे फ्लोर पर स्थित फ्लैट में छापा मारा गया। पुलिस ने बताया कि यह फ्लैट दिलीप साहा का है, जिसे पिंटू सरकार ने किराए पर लिया हुआ था।
तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद मौके पर तीन नोट गिनने वाली मशीनें मंगाई गईं और कई घंटे तक नोटों की गिनती की गई। पुलिस ने इस मामले में पिंटू सरकार (28 वर्ष), गोपाल चाकी (32 वर्ष) और सुशांत हलदर (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मालदा पुलिस थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
इसी कार्रवाई के दौरान मालदा पुलिस की एक अन्य टीम ने खैहट्टा इलाके में छापेमारी कर प्रतिबंधित कफ सिरप की 9,000 बोतलें भी जब्त कीं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद करोड़ों रुपये का संबंध किन लोगों और किन राज्यों तक फैले तस्करी नेटवर्क से है। अधिकारियों का कहना है कि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच लगातार जारी है।
Published at : 03 Aug 2026, 05:14 pm (IST)