घटना के बाद थाईलैंड के शिक्षा मंत्री प्रसर्ट चंतारारुआंगथोंग ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का आकलन करने को कहा।
By : Admin User | Updated at : 07 Aug 2026, 01:04 pm (IST)
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तर में स्थित नोंथाबुरी प्रांत के एक हाई स्कूल में शुक्रवार, 7 अगस्त को गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। स्थानीय मीडिया की शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, आठवीं कक्षा के एक छात्र ने स्कूल परिसर में गोलीबारी की। इस घटना में कई लोगों के हताहत होने की जानकारी सामने आई है।
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्र ने कथित तौर पर पहले एक शिक्षक को गोली मारी और बाद में खुद को भी गोली मार ली। शिक्षक और गोली चलाने वाले छात्र की मौत की सूचना दी गई है। वहीं, शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स में इस घटना में कुल सात लोगों की मौत की बात कही गई है। कम से कम 15 छात्रों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
थाईलैंड के स्थानीय प्रसारक थाई PBS के अनुसार, यह घटना नोंथाबुरी प्रांत के बांग क्रुआई जिले के एक हाई स्कूल में हुई। घटना के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और स्कूल में मौजूद छात्रों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई शुरू की गई।
घटना के बाद थाईलैंड के शिक्षा मंत्री प्रसर्ट चंतारारुआंगथोंग ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का आकलन करने को कहा।
शिक्षा मंत्री ने आम लोगों और मीडिया से भी घटना से जुड़ी संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो साझा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से मृतकों, घायलों और छात्रों से संबंधित सामग्री के प्रसार से बचने तथा बिना पुष्टि वाली जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करने को कहा।
शिक्षा मंत्री ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है। फिलहाल अधिकारी घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
Published at : 07 Aug 2026, 01:04 pm (IST)