घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, फोरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
By : Admin User | Updated at : 06 Aug 2026, 06:32 pm (IST)
हरियाणा के चरखी दादरी में गुरुवार दोपहर सिटी थाना के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे स्कॉर्पियो सवार लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन हमलावर पैदल आए और स्कॉर्पियो पर करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
इस हमले में वाहन में सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों को पहले चरखी दादरी के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कुछ घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, फोरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि हमला झेलने वाले कुछ लोगों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस ने नहीं की है। वहीं, घटना से जुड़ा एक कथित CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
Published at : 06 Aug 2026, 06:30 pm (IST)