युवक की मौत से नाराज लोगों ने नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और यातायात रोक दिया। कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और गुस्साई भीड़ ने हादसे में शामिल बस को घेरकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
By : Admin User | Updated at : 07 Aug 2026, 01:41 pm (IST)
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार, 7 अगस्त को एक सड़क हादसे के बाद भारी बवाल देखने को मिला। बाईपास थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय मनीष कुमार की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
युवक की मौत से नाराज लोगों ने नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और यातायात रोक दिया। कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और गुस्साई भीड़ ने हादसे में शामिल बस को घेरकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर आग बुझाने के लिए दमकल की टीम पहुंची, लेकिन भीड़ के विरोध के कारण दमकलकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।
इसके बाद हिंसा और बढ़ गई। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने बस के अलावा आसपास मौजूद चार से पांच अन्य वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस और मीडिया कर्मियों पर पथराव किए जाने की भी सूचना सामने आई है। हिंसा के कारण नेशनल हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया। इलाके में दोबारा हिंसा न भड़के, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस अब सड़क हादसे के कारणों की जांच के साथ हिंसा और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान भी कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
Published at : 07 Aug 2026, 01:41 pm (IST)