बिहार के गयाजी में एक ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में अचानक 7.59 अरब रुपये का बैलेंस दिखने से हड़कंप मच गया। बुजुर्ग अपनी पेंशन की राशि निकालने पहुंचे थे, तभी मोबाइल पर आए बैंक मैसेज में इतनी बड़ी रकम देखकर वह और सीएसपी संचालक हैरान रह गए। बैंक ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
By : Admin User | Updated at : 13 Jul 2026, 03:43 pm (IST)
बिहार के गयाजी जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने बैंक अधिकारियों से लेकर आम लोगों तक को हैरान कर दिया। यहां एक ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में अचानक 7.59 अरब रुपये (करीब 7,590 करोड़ रुपये) का बैलेंस दिखाई देने लगा।
मामला गयाजी शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ले का है, जहां रहने वाले शिव कुमार पटेल ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थी भी हैं।
शनिवार को शिव कुमार अपनी वृद्धावस्था पेंशन की राशि निकालने के लिए बागेश्वरी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) पहुंचे थे। आधार आधारित बैंकिंग सेवा के जरिए उन्होंने अपने खाते से करीब 1,000 रुपये की निकासी की।
निकासी के कुछ समय बाद उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बैंक का मैसेज आया। जब शिव कुमार और सीएसपी संचालक ने मैसेज में उपलब्ध बैलेंस देखा तो दोनों के होश उड़ गए। खाते में करीब 7.59 अरब रुपये की राशि दिखाई दे रही थी।
पहले इसे तकनीकी गलती या किसी तरह की गलत जानकारी समझा गया, लेकिन दोबारा जांच करने पर भी वही रकम दिखाई दी। इतनी बड़ी राशि देखकर शिव कुमार घबरा गए और उन्होंने बैंक अधिकारियों से संपर्क किया।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्टेशन रोड शाखा के प्रबंधक ने उन्हें बताया कि मामले की जांच की जाएगी। बैंक प्रबंधन ने फिलहाल खाते से किसी भी तरह का लेनदेन नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही मोबाइल बैंकिंग या खाते से जुड़ी अन्य गतिविधियों में बदलाव से भी बचने को कहा गया है।
बैंक अधिकारियों के अनुसार, यह मामला किसी तकनीकी गड़बड़ी या सिस्टम एरर से जुड़ा हो सकता है। शाखा खुलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और इसके बाद ही खाते में दिख रही इतनी बड़ी रकम की वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी।
फिलहाल शिव कुमार के खाते में दिखाई दे रही अरबों रुपये की रकम ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है, जबकि बैंक इस पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटा हुआ है।
Published at : 13 Jul 2026, 03:43 pm (IST)