पुलिस का दावा है कि इसी दौरान बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी गोली चलाई गई। मुठभेड़ के दौरान मोनू को गोली लगी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
By : Admin User | Updated at : 09 Aug 2026, 12:46 pm (IST)
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित आरोपी मोनू पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ गुलावठी थाना क्षेत्र के छपरावत गांव के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, मोनू एक अगस्त को ककोड़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
सूचना मिलने के बाद की गई घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी अपने एक साथी के साथ इलाके में मौजूद है। इसके बाद SWAT टीम और स्थानीय पुलिस ने छपरावत गांव के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी गोली चलाई गई। मुठभेड़ के दौरान मोनू को गोली लगी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो पुलिसकर्मी भी घायल
गोलीबारी के दौरान SWAT टीम के एक दारोगा समेत दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है। पुलिस के मुताबिक, गुलावठी और सिकंदराबाद थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, दो मैगजीन, कारतूस और बिना नंबर प्लेट वाली एक बाइक बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
आरोपी का साथी फरार
मुठभेड़ के दौरान मोनू के साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए आसपास के इलाके में कॉम्बिंग अभियान शुरू किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Published at : 09 Aug 2026, 12:46 pm (IST)