पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कथित तौर पर नाबालिगों को पैसे का लालच देकर उनका शोषण कर रहा है। सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और रायसिंहपुरा निवासी 22 वर्षीय चेतन प्रकाश कोली की पहचान हुई।
By : Admin User | Updated at : 09 Aug 2026, 05:19 pm (IST)
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में नाबालिगों और युवाओं के कथित यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय चेतन प्रकाश कोली नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि वह लंबे समय से पीड़ितों को निशाना बना रहा था और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।
पुलिस अधीक्षक अश्विनी सानप के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान 600 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। मोबाइल में मौजूद सामग्री के आधार पर पुलिस अब संभावित पीड़ितों की पहचान कर रही है और उनके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कथित तौर पर नाबालिगों को पैसे का लालच देकर उनका शोषण कर रहा है। सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और रायसिंहपुरा निवासी 22 वर्षीय चेतन प्रकाश कोली की पहचान हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर बड़ी संख्या में आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें मिलीं। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। डिवाइस को विस्तृत जांच के लिए भेजा गया है ताकि उसमें मौजूद डिजिटल सामग्री और अन्य संभावित सबूतों की पड़ताल की जा सके।
2022 से वारदात को अंजाम देने का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में दावा किया गया है कि आरोपी वर्ष 2022 से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था। आरोप है कि वह पीड़ितों को वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था।
अब मोबाइल से बरामद सामग्री के आधार पर संबंधित लोगों से संपर्क किया जा रहा है। उनके बयान दर्ज करने के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कितने लोग प्रभावित हुए और क्या आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
पुलिस की जांच फिलहाल जारी है। डिजिटल सामग्री की फोरेंसिक जांच और पीड़ितों के बयानों के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
Published at : 09 Aug 2026, 05:19 pm (IST)