चित्रगुप्त पीठ में हुई बैठक के दौरान संतों ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान से जुड़े मामलों को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की। संत समाज ने इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने की मांग की।इसके अलावा अदालत से इन मामलों की रोजाना सुनवाई किए जाने का भी अनुरोध किया गया।
By : Admin User | Updated at : 09 Aug 2026, 05:29 pm (IST)
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर निर्माण और उससे जुड़े मामलों को लेकर संत समाज ने बड़ा ऐलान किया है। चित्रगुप्त पीठ में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में साधु-संतों की मौजूदगी में मंदिर निर्माण के संकल्प को दोहराया गया और आगामी 6 दिसंबर को कारसेवा किए जाने की घोषणा की गई।
संत समाज का दावा है कि प्रस्तावित कारसेवा में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु शामिल होंगे। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्मस्थान से जुड़े अदालतों में लंबित मामलों को जल्द निपटाने की मांग भी उठाई गई।
मामलों की रोजाना सुनवाई की मांग
चित्रगुप्त पीठ में हुई बैठक के दौरान संतों ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान से जुड़े मामलों को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की। संत समाज ने इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने की मांग की।इसके अलावा अदालत से इन मामलों की रोजाना सुनवाई किए जाने का भी अनुरोध किया गया। संतों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे विवादों का समाधान न्यायिक प्रक्रिया के जरिए जल्द होना चाहिए।कार्यक्रम में वक्फ एक्ट को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।
6 दिसंबर की कारसेवा को लेकर तैयारियां
कारसेवा की घोषणा के बाद संत समाज में उत्साह नजर आया। संतों ने कहा कि 6 दिसंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर आने वाले दिनों में व्यापक तैयारियां की जाएंगी।देश के अलग-अलग क्षेत्रों के साधु-संतों और श्रद्धालुओं से भी इसमें शामिल होने का आह्वान किए जाने की बात कही गई है।
प्रशासन ने नई धार्मिक परंपरा पर लगाई रोक
हालांकि, दूसरी ओर मथुरा जिला प्रशासन ने कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े प्रस्तावित शंखनाद और कारसेवा कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट की है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत जिले में किसी भी नई धार्मिक परंपरा को शुरू करने पर रोक है।सिटी एसपी राजीव कुमार सिंह ने वीडियो संदेश में कहा कि प्रशासन ने संबंधित संगठनों और व्यक्तियों को न्यायालय के आदेशों और निर्देशों से अवगत करा दिया है।
कार्यक्रम में जाने वालों को रोका जाएगा
पुलिस के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए प्रस्तावित कारसेवा और शंखनाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों से आह्वान किया गया था। प्रशासन का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों की ओर जाने वाले लोगों को रोका जा रहा है और उन्हें उनके थाना क्षेत्रों में वापस भेजा जा रहा है।
पुलिस ने यह भी कहा कि संबंधित संगठनों और व्यक्तियों से संपर्क किया गया है और उन्होंने न्यायालय के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया है।फिलहाल 6 दिसंबर की प्रस्तावित कारसेवा के ऐलान और प्रशासन की रोक के बीच मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान से जुड़ा मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
Published at : 09 Aug 2026, 05:29 pm (IST)